What's hot

सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक ने प्रधानमंत्री को लिखा पत्र, क्षेत्र के चार बड़े विकास कार्यों की रखी मांग।

Table of Content

मध्य प्रदेश जिला सिंगरौली/सीधी जी हां हम बात कर रहे हैं। सिहावल विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-78 के विधायक विश्वामित्र पाठक ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर सीधी एवं सिंगरौली जिले के लिए चार महत्वपूर्ण विकास कार्यों की स्वीकृति की मांग की है। विधायक ने कहा कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से क्षेत्र के आर्थिक, शैक्षणिक, कृषि एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।

2 अगस्त 2026 को भेजे गए पत्र में विधायक ने सबसे पहले सीधी जिले के ग्राम बांकी से बघोर के मध्य सीमेंट फैक्ट्री अथवा अन्य बड़े उद्योग की स्थापना की मांग की है। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि प्रस्तावित क्षेत्र में पर्याप्त शासकीय भूमि उपलब्ध है, सोन एवं गोपद नदी तथा बाणसागर नहर के कारण जल की पर्याप्त उपलब्धता है। साथ ही कैमोर पहाड़ी क्षेत्र में चूना पत्थर का पर्याप्त भंडार मौजूद है और सड़क व प्रस्तावित ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन से बेहतर परिवहन सुविधा भी उपलब्ध है।

इसके अलावा विधायक ने सीधी जिले के बांकी से व्योहारखांड़ तथा सिंगरौली जिले के जियावन-अकौरी क्षेत्र में गौधाम गौ संरक्षण केंद्र स्थापित करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे बेसहारा गौवंश के संरक्षण के साथ किसानों की फसलों को नुकसान से बचाया जा सकेगा। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों एवं अन्य सड़कों पर घूमने वाले पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायत में दो-दो चरवाहों की नियुक्ति एवं उनके पारिश्रमिक की व्यवस्था करने की नीति बनाने का भी सुझाव दिया है।

विधायक ने पत्र में देवसर में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना तथा देवसर में कृषि महाविद्यालय खोले जाने की भी मांग की है। उनका कहना है कि केंद्रीय विद्यालय खुलने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी, जबकि कृषि महाविद्यालय से किसानों एवं युवाओं को आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ मिलेगा और कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।

विधायक विश्वामित्र पाठक ने प्रधानमंत्री से इन सभी मांगों पर जनहित में सकारात्मक निर्णय लेकर शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया है। उनका कहना है कि इन विकास कार्यों के पूरा होने से सीधी और सिंगरौली जिले के हजारों लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलेगा।

Tags :

swatantraindialive7.com

Related Posts

Must Read

Popular Posts

© Copyright 2026 by Swatantraindialive7