What's hot

जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों ने बच्चों के साथ बैठकर किया मध्यान्ह भोजन, संवाद में दिया सफलता का मंत्र

Table of Content


असफलता से हारें नहीं, प्रयास जारी रखें, सवाल पूछें और जिज्ञासु बनें – कलेक्टर विकास मिश्रा

सेमरिया स्कूल में प्रतिभाओं का सम्मान, अतिरिक्त कक्ष से लेकर लाइब्रेरी, फर्नीचर और ओपन जिम तक की सौगात

मध्य प्रदेश जिला सीधी जी हां हम बात कर रहे हैं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेमरिया में आयोजित कार्यक्रम ने राष्ट्रीय पर्व को बच्चों की प्रतिभा, सपनों और भविष्य से जोड़ दिया। स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर विकास मिश्रा, विधायक सीधी रीती पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह तथा पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ने बच्चों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन किया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को अपने बीच पाकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखाई दिया।

संवाद के दौरान कलेक्टर ने बच्चों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि जीवन में एक असफलता से कभी हार नहीं माननी चाहिए, बल्कि हर अनुभव से सीख लेकर प्रयास जारी रखना चाहिए।

कलेक्टर ने राष्ट्रीय ध्वज में अशोक चक्र की निरंतर गति का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों को बताया कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक है। उन्होंने डार्विन के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि बदलती परिस्थितियों को समझकर स्वयं को लगातार बेहतर बनाना ही प्रगति का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे केवल सफलता को लक्ष्य न बनाएं, बल्कि सीखने की प्रक्रिया को भी जीवन का हिस्सा बनाएं।

रील की दुनिया और वास्तविक जीवन का फर्क समझें

कलेक्टर ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के दौर में जागरूक रहने की सीख देते हुए कहा कि रील और रियल लाइफ में अंतर समझना बेहद जरूरी है। सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली हर चीज वास्तविकता नहीं होती। इसलिए किसी भी बात को बिना सोचे-समझे स्वीकार करने के बजाय सवाल पूछें, तथ्यों को समझें और जिज्ञासु बनें। उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक नागरिक बनने की प्रेरणा देते हुए कहा कि ज्ञान केवल किताबों से नहीं, बल्कि सवाल पूछने और अपने आसपास की चीजों को समझने से भी बढ़ता है।

उन्होंने कहा कि सीधी बाणभट्ट की भूमि है और मां विंध्यवासिनी की पावन धरती है। जिले की अपनी गौरवशाली पहचान और समृद्ध परंपरा है। प्रधानमंत्री जी द्वारा ‘मन की बात’ कार्यक्रम में सीधी जिले का उल्लेख किया जाना भी जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना में सीधी जिले का देश में दूसरे स्थान पर आना जिले की मेहनत और उपलब्धि को दर्शाता है। विद्यार्थियों को इन उपलब्धियों से प्रेरणा लेकर अपने जिले और प्रदेश का नाम रोशन करना चाहिए।

कलेक्टर ने माताओं के सम्मान को सर्वाेच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि माताओं के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता समाज की मूल शक्ति है। उन्होंने कहा कि की गई घोषणाओं और संकल्पों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रयास किए जाएंगे।

“तिरंगा हमारी आन-बान-शान है, ऊर्जा को सही दिशा दें” – रीती पाठक

विधायक सीधी रीती पाठक ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्र के इस महान पर्व में सहभागिता करना हम सभी के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान है। इसके प्रत्येक रंग में देश की महान भावना और जीवन का संदेश छिपा है। देश की स्वतंत्रता के लिए हजारों लोगों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर किया और आज हमारी जिम्मेदारी है कि देश की अखंडता और एकता को बनाए रखें।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने का आह्वान करते हुए कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित करें, तत्पर रहें और सही मार्ग पर आगे बढ़ें। उन्होंने विद्यालय में एक अतिरिक्त कक्ष की स्वीकृति तथा फर्नीचर एवं लाइब्रेरी की रिपेयरिंग के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की। विद्यार्थियों को नीट कोचिंग के मटेरियल का वितरण भी किया गया। विद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए ओपन जिम की घोषणा भी की गई।

विधायक ने कहा कि शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को खेल, स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास के अवसर भी मिलना जरूरी है। विद्यालय में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होंगी।

“अधिकारों के साथ कर्तव्यों को भी समझें” – मंजू सिंह

जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता हमें अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराती है। उन्होंने शिक्षा और पोषण के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि शिक्षित बच्चा ही स्वस्थ और सशक्त समाज का आधार बनता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

वरिष्ठ समाजसेवी देव कुमार सिंह चौहान ने विद्यार्थियों से अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए पूरी मेहनत और लगन से आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने क्षेत्र में अव्वल आने का लक्ष्य रखें और निरंतर प्रयास करते रहें। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में विद्यार्थियों और युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी तथा जनपद पंचायत अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह परिहार ने भी विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विद्यार्थियों ने अतिथियों के साथ खुलकर संवाद किया और अपनी जिज्ञासाएं एवं अनुभव साझा किए। मुख्य अतिथि कलेक्टर विकास मिश्रा सहित उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन किया। बच्चों के साथ एक ही पंक्ति में बैठकर भोजन करने का यह दृश्य कार्यक्रम का सबसे आत्मीय और प्रेरणादायी क्षण रहा।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य प्रदीप शुक्ला, सरस्वती बहेलिया सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, उपखंड अधिकारी प्रिया पाठक, जिला शिक्षा अधिकारी पीके सिंह, जिला परियोजना समन्वयक विनय मिश्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत चंदूलाल पनिका सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

पौधारोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया। अतिथियों एवं विद्यार्थियों ने पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए भी प्रेरित किया गया।

Tags :

swatantraindialive7.com

Related Posts

Must Read

Popular Posts

© Copyright 2026 by Swatantraindialive7