जिला प्रशासन की अभिनव पहल, अब प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मिलेगा राष्ट्रीय स्तर का मार्गदर्शन
एलन करियर इंस्टीट्यूट इंदौर करेगा अकादमिक सहयोग
स्टडी मैटेरियल, शिक्षक प्रशिक्षण, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और नियमित मॉनिटरिंग से तैयार होंगे भविष्य के डॉक्टर, इंजीनियर और प्रशासनिक अधिकारी
मध्य प्रदेश जिला सीधी जी हां हम बात कर रहे हैं सीधी जिले के शासकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए अब बड़े सपने देखना और उन्हें साकार करना पहले से अधिक आसान होगा। जिला प्रशासन ने एक ऐसी अभिनव पहल प्रारंभ की है, जिसके माध्यम से सरकारी स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए व्यवस्थित, गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज न रहे और जिले का कोई भी होनहार विद्यार्थी अवसरों के अभाव में अपने लक्ष्य से वंचित न हो।
कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि जिले में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें सही दिशा, बेहतर अवसर और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। इसी सोच को साकार करते हुए जिला प्रशासन ने जिले के सभी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों का चिन्हांकन कर उन्हें आईआईटी-जेईई, नीट, सहित अन्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की कार्ययोजना तैयार की है। यह पहल केवल कोचिंग तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि विद्यार्थियों के समग्र शैक्षणिक विकास का आधार बनेगी।
इस महत्वाकांक्षी अभियान को सफल बनाने के लिए एलन करियर इंस्टीट्यूट, इंदौर जिला प्रशासन का सहयोगी बना है। इसी संबंध में आज जिला मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, कार्यप्रणाली और क्रियान्वयन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में एलन करियर इंस्टीट्यूट, इंदौर के प्रतिनिधि सचिन दुबे ने बताया कि संस्थान के सेंटर हेड कमल शर्मा के नेतृत्व में पूरी टीम जिला प्रशासन की इस अभिनव पहल को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता का स्टडी मैटेरियल, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, विद्यालयों के शिक्षकों के लिए ओरिएंटेशन एवं क्षमता विकास प्रशिक्षण, नियमित शैक्षणिक सहयोग तथा परीक्षा की रणनीति से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इससे विद्यार्थियों में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति प्रारंभिक स्तर से ही आत्मविश्वास और सही अध्ययन दृष्टिकोण विकसित होगा।
कार्यक्रम के प्रभावी संचालन के लिए जिले के प्रत्येक विकासखंड हेतु एक-एक नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। ये अधिकारी अपने विकासखंड के सभी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चिन्हांकन, मार्गदर्शन कार्यक्रम का समन्वय, नियमित मॉनिटरिंग तथा प्रगति की समीक्षा सुनिश्चित करेंगे। इससे कार्यक्रम का लाभ जिले के प्रत्येक पात्र विद्यार्थी तक पहुँच सकेगा।
बैठक में इस बात पर भी विशेष बल दिया गया कि विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों की शैक्षणिक क्षमता का आकलन कर उन्हें उनकी योग्यता एवं रुचि के अनुरूप मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। साथ ही शिक्षकों को प्रतियोगी परीक्षाओं के बदलते स्वरूप, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों एवं विद्यार्थियों के प्रभावी मार्गदर्शन के संबंध में प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि विद्यालयों में ही प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप शैक्षणिक वातावरण विकसित हो सके।
यह पहल केवल एक शैक्षणिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देने का एक व्यापक अभियान है। जिला प्रशासन का विश्वास है कि विशेषज्ञ मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री और नियमित शैक्षणिक सहयोग के माध्यम से सीधी जिले के विद्यार्थी देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में प्रवेश प्राप्त कर शिक्षा के क्षेत्र में जिले की नई पहचान स्थापित करेंगे। आने वाले समय में यह पहल जिले के हजारों विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देने और सीधी को प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अग्रणी जिलों की श्रेणी में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगी।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी पीके सिंह, जिला परियोजना समन्वयक विनय मिश्रा, एपीसी डॉ सुजीत मिश्रा सहित समस्त विकासखंडस्तरीय नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

